Home Viralदून अस्पताल में वायरल मरीजों की भीड़, मौसम बदलते ही बढ़ी ओपीडी, एक दिन में डेंगू-चिकनगुनिया के 16 नए मरीज मिले

दून अस्पताल में वायरल मरीजों की भीड़, मौसम बदलते ही बढ़ी ओपीडी, एक दिन में डेंगू-चिकनगुनिया के 16 नए मरीज मिले

by BollywoodNewsAndMovie


जागरण संवाददाता, देहरादून। मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच वायरल संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। बुखार, जुकाम और शरीर में अकड़न की शिकायत के साथ मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल में सोमवर को कुल ओपीडी 2711 रही। इसमें अकेले मेडिसिन विभाग में 501 मरीजों ने परामर्श लिया।

चिकित्सकों के अनुसार, मेडिसिन ओपीडी में आने वाले 10 में से करीब चार मरीज बुखार, जुकाम और शरीर में अकड़न से पीड़ित हैं।
अस्पताल में मेडिसिन विभाग के बाद हड्डी रोग विभाग में 240, गायनी में 232, त्वचा रोग विभाग में 231 और ईएनटी में 191 मरीज पहुंचे।

बाल रोग विभाग की ओपीडी 184, सर्जरी की 145, यूरोलाजी की 122, नेत्र रोग की 105 और दंत रोग विभाग की ओपीडी 80 रही। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डा. विवेकानंद सत्यवाली ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण वायरल संक्रमण के मरीज बढ़ रहे हैं।

ओपीडी में बुखार, जुकाम और शरीर में अकड़न की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की संख्या अधिक है। ऐसे लक्षण दिखने पर लापरवाही करने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। चिकित्सा अधीक्षक डा. आरएस बिष्ट ने बताया कि मौसम बदलने के दौरान संक्रमण से बचाव के लिए साफ-सफाई और खानपान का ध्यान रखना जरूरी है। लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के साथ बुखार अथवा अन्य लक्षण होने पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।

डेंगू-चिकनगुनिया के एक दिन में 16 मरीज मिले

जिले में डेंगू और चिकनगुनिया का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को दोनों बीमारियों के 16 नये मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। इनमें डेंगू के नौ जबकि चिकनगुनिया के सात मरीज शामिल हैं। जिले में अब तक डेंगू के 314 और चिकनगुनिया के 203 मामले सामने आ चुके हैं।

वहीं, डेंगू के 13 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को डेंगू की जांच के लिए 471 सैंपल लिए गए, जिनमें नौ की रिपोर्ट पाजिटिव आई। नये मरीजों में तीन देहरादून और छह अन्य जिलों के निवासी हैं। अब तक जिले में डेंगू की जांच के लिए 40,080 सैंपल लिए जा चुके हैं।

इनमें 314 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। कुल मरीजों में 152 देहरादून और 162 अन्य जिलों के निवासी हैं। अब तक 301 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, डेंगू की रोकथाम के लिए आशा कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की ओर से घर-घर सर्वे किया जा रहा है।

सोमवार को दोनों टीमों ने 7201 घरों का सर्वे किया। इस दौरान 56 घरों में डेंगू का लार्वा मिला। टीमों ने 50,584 कंटेनरों की जांच की, जिनमें 64 में लार्वा पाया गया।

यह भी पढ़ें- देहरादून जिला योजना समिति चुनाव: इन 10 जिला पंचायत सदस्यों की निर्विरोध जीत तय, नगर निगम में 16 अक्टूबर को मतदान

यह भी पढ़ें- देहरादून में बड़ी साइबर ठगी, बुजुर्ग दंपती को 50 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट कर ठगे 45.87 लाख रुपये



Source link

You may also like

Leave a Comment