पलवल में नेशनल हाईवे-19 (NH-19) पर हुडा सेक्टर-दो फ्लाईओवर के निकट सुबह की सैर पर निकले बुजुर्ग की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
.
शहर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार, प्रकाश विहार कॉलोनी निवासी पवन कुमार ने दी शिकायत में कहा है कि वह और उनके पिता 67 वर्षीय रामरतन सुबह करीब 6:30 बजे सैर करने के लिए सेक्टर-2 हुडा फ्लाईओवर के पास पहुंचे थे।
उनके पिता उनसे आगे चल रहे थे। उसी दौरान फरीदाबाद की ओर से आई एक बाइक के चालक ने तेज और लापरवाही से बाइक चलाते हुए उनके पिता को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रामरतन के पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम के बाद सौंपा शव, बाइक नंबर से तलाश जारी
मौके पर पहुंची शहर थाना की भवनकुंड चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल की मोरचरी में रखवा दिया। पुलिस ने इस संबंध में पवन की शिकायत पर बाइक के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि बाइक के नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
