परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी आज DMK प्रमुख एमके स्टालिन और NCP प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे. वहीं, देश में खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड लेवल पर हुआ है और पैदावार 3785.38 लाख टन तक पहुंच गई है. इन खबरों के अलावा, क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारत की पहली पारी 246 रनों पर समाप्त, ध्रुव जुरेल ने बनाए 88 रन. पढ़ें रविवार सुबह की बड़ी खबरें
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के भीतर परिसीमन बिल को लेकर आम सहमति बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी आज DMK प्रमुख एमके स्टालिन और NCP प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे. सोनिया गांधी भी इस बैठक में शामिल हो सकती हैं.
चीन को पछाड़ एशिया की सरताज बनी टीम इंडिया, अब दुनिया में चौथे नंबर पर
भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2026 एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में चीन को हराकर तीसरी बार खिताब जीत लिया है. इससे पहले भारत ने 2023 में रांची और 2024 में राजगीर में यह खिताब जीता था. टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और फाइनल में भी चीन को 3-1 से शिकस्त दी. इसी के साथ भारतीय हॉकी टीम अब दुनिया की चौथे नंबर की टीम बन चुकी है.
अल्बानिया की राजधानी तिराना में शनिवार को सरकार विरोधी प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प हो गई. प्रधानमंत्री एडी रामा के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों लोग सड़कों पर उतर आए. वहां के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि इस हिंसा में पत्रकारों और पुलिसकर्मियों समेत कुल 30 लोग घायल हुए हैं.
88 रन, आर्मी सैल्यूट और ऐतिहासिक रिकॉर्ड… क्राइस्टचर्च टेस्ट में छा गए ध्रुव जुरेल
न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारत की पहली पारी 246 रनों पर समाप्त हुई. न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 356 रन बनाए थे, जिसके कारण टीम इंडिया 110 रन से पीछे रह गई. ध्रुव जुरेल ने इस पारी में 88 रन बनाए. जुरेल न्यूजीलैंड में 7वें या उससे निचले क्रम पर बैटिंग करते हुए एक से अधिक फिफ्टी लगाने वाले तीसरे भारतीय बन गए.
यूपी चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस ने बनाई दो समितियां, प्रमोद तिवारी-राज बब्बर समेत कई नेता शामिल
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के लिए प्रदेश चुनाव समिति और राजनीतिक मामलों की समिति का गठन कर दिया है. प्रदेश चुनाव समिति की कमान यूपी कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ को सौंपी गई है, जिन्हें इसका चेयरपर्सन बनाया गया है. कांग्रेस की इस प्रदेश चुनाव समिति में वरिष्ठ नेताओं और सांसदों को शामिल किया गया है.
Good News: भारत का डंका… देश में इन चीजों का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर, चावल में चीन को पछाड़ा
देश में खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड लेवल पर हुआ है और पैदावार 3785.38 लाख टन तक पहुंच गई है. प्रोडक्शन का ये आंकड़ा वित्तीय वर्ष 2024-25 के 3577.32 लाख टन उत्पादन की तुलना में 208.06 लाख टन अधिक है. लगातार दूसरे साल चावल उत्पादन में भारत ने चीन को पीछे छोड़ दुनिया में पहले स्थान पर अपना कब्जा जमाया है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच में भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा. तेज गेंदबाज आकाश दीप मुकाबले से बाहर हो गए हैं. आकाश दीप को काइल जेमिसन के ओवर में दो बार हेलमेट पर गेंद लगी थी और वो सहज महसूस नहीं कर रहे थे. अब आकाश दीप की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर शामिल किया गया है.
डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म रामायण बॉक्स ऑफिस पर भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी फिल्म बन चुकी है. दंगल के बाद रामायण उस लिस्ट में सबसे ऊपर है, जिसने बिना चीन में रिलीज हुए इतना बड़ा कलेक्शन किया. 24 दिनों में फिल्म का भारत में टोटल नेट कलेक्शन 1015.20 करोड़ पहुंच चुका है, वहीं वर्ल्डवाइड 1814.55 करोड़ रुपये कमाए हैं.
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली के इलाज का पूरा खर्च उठाएंगे. इसके अलावा शिंदे ने उनके दोनों बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी लेने का भी आश्वासन दिया है. कांबली शनिवार को अपने परिवार के साथ मुंबई स्थित एकनाथ शिंदे के आधिकारिक आवास पहुंचे थे.
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर हुई रिव्यू मीटिंग में 13 अफसर गायब, लगी फटकार
दिल्ली में वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति के बीच PWD ने अपने अफसरों की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है. प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की निगरानी के लिए नियुक्त 13 नोडल अधिकारियों के समीक्षा बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने पर विभाग ने उन्हें फटकार लगाई. वहीं, उन्हें अगले दो दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है.
—- समाप्त —-
