हॉलीवुड एक्ट्रेस ऐनी हैथवे ने अपने पति एडम शुलमैन के साथ तीसरे बच्चे का स्वागत किया है। एक्ट्रेस न्यूयॉर्क में अपने बच्चे के साथ पहली बार नजर आईं। जून में उन्होंने इंस्टाग्राम पर प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी।

ऐनी हैथवे ने जून 2026 में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी। इसके बाद उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि तीसरी बार माता-पिता बनने की खबर उनके और उनके पति के लिए भी काफी हैरान करने वाली थी। पहले से दो बेटों के माता-पिता इस कपल के परिवार में अब पांच सदस्य हो गए हैं। वहीं, फिल्मों और लगातार प्रमोशनल इवेंट्स में व्यस्त रहने के बाद एक्ट्रेस अब परिवार के साथ समय बिताना चाहती हैं।
न्यूयॉर्क में बच्चे के साथ नजर आईं ऐनी हैथवे
मंगलवार को TMZ की ओर से शेयर की गई तस्वीरों में ऐनी हैथवे अपने बच्चे के साथ नजर आईं। बच्चे के जन्म के बाद यह पहली बार था जब एक्ट्रेस को न्यूयॉर्क शहर में पब्लिकली देखा गया। इस दौरान उन्होंने बच्चे को सामने की तरफ बेबी कैरियर में बांध रखा था। वहीं, ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ ने इस खबर की पुष्टि और ज्यादा जानकारी के लिए एक्ट्रेस के प्रतिनिधि से संपर्क किया है।
जून में इंस्टाग्राम पर दी थी प्रेग्नेंसी की जानकारी
ऐनी हैथवे ने जून में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करके तीसरी प्रेग्नेंसी की जानकारी शेयर की थी। वीडियो में उनका बेबी बंप नजर आ रहा था। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा था, ‘x बेबी, आई एम योर्स x।’ वीडियो के बैकग्राउंड में बारबरा लुईस का गाना ‘बेबी आई एम योर्स’ बज रहा था।
तीसरी बार माता-पिता बनने पर हैरान थे ऐनी और एडम
प्रेग्नेंसी की खबर शेयर करने के अगले महीने ऐनी हैथवे ‘लेट नाइट विद सेठ मेयर्स’ शो में पहुंची थीं। यहां उन्होंने बताया कि वह और उनके पति एडम शुलमैन दोबारा माता-पिता बनने की खबर सुनकर हैरान रह गए थे। शो के होस्ट सेठ मेयर्स से बातचीत के दौरान एक्ट्रेस ने मजाक में कहा था, ‘यह अद्भुत है। मेरा मतलब है, हमें पता था कि हम क्या कर रहे हैं। लेकिन हम हैरान थे कि यह काम कर गया। हम सच में हैरान थे कि ऐसा हो गया। इसलिए हम इसे अपना बजर-बीटर (अंतिम क्षण में मिली सफलता) कह रहे हैं।’
पहले से दो बेटों के माता-पिता हैं ऐनी और एडम
ऐनी हैथवे और एडम शुलमैन ने साल 2012 में शादी की थी। दोनों के पहले से दो बेटे हैं, जिनमें 10 साल के जोनाथन और 6 साल के जैक शामिल हैं। अब तीसरे बच्चे के जन्म के बाद उनका परिवार पांच सदस्यों का हो गया है।
2026 में रिलीज हुईं ऐनी हैथवे की पांच फिल्में
साल 2026 ऐनी हैथवे के लिए काफी व्यस्त रहा। इस साल उनकी पांच फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुईं, जिनमें ‘मदर मैरी’, ‘द डेविल वियर्स प्राडा 2’, ‘द ओडिसी’, ‘द एंड ऑफ ओक स्ट्रीट’ और ‘वेरिटी’ शामिल हैं। इन फिल्मों के साथ एक्ट्रेस को दुनियाभर में कई प्रेस टूर और प्रमोशनल इवेंट्स में भी हिस्सा लेना पड़ा। अक्टूबर में उनकी आखिरी फिल्म ‘वेरिटी’ रिलीज हुई थी। इसके बाद उन्होंने मजाक में कहा था कि अब वह ‘धुएं की तरह गायब’ हो जाना चाहती हैं और अपने परिवार के साथ कुछ निजी समय बिताना चाहती हैं।
लाइमलाइट से दूर परिवार के साथ समय बिताना चाहती हैं एक्ट्रेस
इससे पहले ‘CBS Mornings’ को दिए इंटरव्यू में ऐनी हैथवे ने लगातार लोगों के बीच रहने और काम की व्यस्तता को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था, ‘काफी समय से मैं बहुत ज्यादा लोगों के सामने रही हूं।’ इसके बाद उन्होंने कहा, ‘और मैं सच में बहुत, बहुत खुश रही हूं, लेकिन मुझे लगता है कि अब पार्टी से जाने का समय आ गया है।’ एक्ट्रेस की इस बात से साफ है कि लगातार काम और प्रमोशनल इवेंट्स के बाद अब वह अपनी पर्सनल लाइफ और परिवार को समय देना चाहती हैं।

