GTA VI की लॉन्चिंग ने गेमिंग इंडस्ट्री को उत्साह से भर दिया है। यूट्यूब पर 19 नवंबर से 24 घंटे की लाइव स्ट्रीमिंग शुरू की जा रही है जिसमें दुनियाभर के गेमर्स के साथ पायल गेमिंग शामिल होंगी। इसकी लोकप्रियता को इस तरह से समझा जा सकता है कि YouTube पर पूरी GTA फ्रेंचाइजी को अब तक 90 हजार करोड़ से अधिक व्यूज मिले हैं।

GTA VI के वीडियो पर 4 हजार करोड़ व्यूज
- YouTube की ‘कल्चर एंड ट्रेंड्स’ टीम की लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार, YouTube पर पूरी GTA फ्रेंचाइजी को अब तक 90 हजार करोड़ से अधिक व्यूज मिले हैं।
- GTA VI से जुड़े वीडियो ने लॉन्च से पहले ही 4 हजार करोड़ से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए हैं। साल 2013 में रिलीज होने के बाद से GTA V हर साल YouTube पर सबसे ज्यादा देखे जाने वाले टॉप 10 गेम्स में शामिल रहा है।
- एक सर्वे में 82 फीसदी लोगों ने कहा कि वे GTA को जानते हैं। यह प्रतिशत हॉलीवुड सेलिब्रिटीज (79%) से भी ज्यादा है।
कंटेंट क्रिएटर्स के आने से बढ़ी पॉपुलैरिटी
GTA सीरीज पहले से लोकप्रिय थी, लेकिन कंटेंट क्रिएटर्स के आने से इसकी लाेकप्रियता में भारी बढ़ोतरी हुई है। ‘GTA ऑनलाइन’ के आने से खिलाड़ियों को अपने खुद के किरदार बनाने और आपस में जुड़ने का मौका मिला, जिससे रोलप्ले (RP) का एक नया दौर शुरू हुआ। YouTube पर GTA RP को अब तक 8 अरब से ज्यादा व्यूज मिले हैं। 2025 में इस पर 17 लाख वीडियो अपलोड किए गए।
GTA VI की लॉन्चिंग पर बोले एक्सपर्ट
GTA VI की लॉन्चिंग पर NODWIN गेमिंग के को-फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर, अक्षत राठी ने कहा है कि GTA भारत के गेमिंग डीएनए का हिस्सा है। हम जैसे कई मिलेनियल गेमर्स के बड़े होने के दौर में ‘वाइस सिटी’ और ‘सैन एंड्रियास’ का अहम रोल रहा है, जिन्हें हम अक्सर लोकल साइबर कैफे में काउंटर-स्ट्राइक और डोटा मैचों के बीच खेला करते थे।
अक्षत राठी का कहना है कि भारत को ग्लोबल स्तर पर सफल गेमिंग आईपी बनानी है तो हमारा लक्ष्य गेम बेचने तक नहीं होना चाहिए। ऐसी दुनिया बनाने पर होना चाहिए जो कम्युनिटी को जोड़े रखे और लोगों का मनोरंजन करे।
‘बहुत कम चीजें हैं, जिनका इंतजार होता है’
S8UL Esports के को-फाउंडर और सीईओ, अनिमेष अग्रवाल का कहना है कि एंटरटेनमेंट की दुनिया में बहुत कम ऐसी चीजें हैं जिनका GTA VI जैसा इंतजार किया जाता है। अपने कैरेक्टर्स, म्यूजिक, हंसी-मजाक और यादगार पलों की वजह से GTA ने गेमिंग इंडस्ट्री और आम लोगों के कल्चर पर गहरी छाप छोड़ी है। S8UL में हमने खुद देखा है कि कैसे GTA एक गेम से आगे बढ़कर लोगों को आपस में जोड़ता है। ‘सोलसिटी’ के जरिए हमारे क्रिएटर्स ने GTA रोलप्ले के आसपास एक बहुत बड़ी कम्युनिटी खड़ी की है, जहां वे नए किरदार और कहानियां गढ़ते हैं।
नए क्रिएटर्स जो गेमिंग कंटेंट की दुनिया में कदम रखना चाहते हैं, उनके लिए इतनी बड़ी रिलीज अपनी पहचान बनाने, नए प्रयोग करने और अपनी क्रिएटिविटी के दम पर दर्शक जुटाने का शानदार मौका है।
GTA VI की लॉन्चिंग को लेकर पायल गेमिंग भी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि GTA फ्रेंचाइजी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसके जरिए कंटेंट बनाने के लिए आपका प्रोफेशनल गेमर होना जरूरी नहीं है। जरूरी यह है कि आप दूसरों की नकल करने के बजाए अपना असली अंदाज और नजरिया सामने रखें। उन्होंने कहा कि मैं GTA VI लॉन्च लाइवस्ट्रीम का हिस्सा बनने को लेकर भी बहुत उत्साहित हूं।

