
सलमान खान का बिग बॉस
Bigg Boss 20: सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. हाल ही में जियोहॉटस्टार पर 60 दिनों से भी कम समय में 100 करोड़ घंटे से ज्यादा का वॉच टाइम पार हुआ है. जिसके बाद अब शो को 2 से 4 हफ्ते का एक्सटेंशन देने की चर्चा जोरों पर है. अगर ऐसा होता है, तो ये पहली बार नहीं होगा जब दर्शकों के प्यार या खेल के रोमांच को देखते हुए ‘बिग बॉस’ का सफर तय समय से आगे बढ़ाया गया हो. हिंदी ‘बिग बॉस’ के 20 साल के इतिहास में कई ऐसे यादगार सीजन रहे हैं, जो सामान्य 105 दिनों (15 हफ्ते) के फॉर्मेट को तोड़कर महीनों तक खिंचे. आइए जानते हैं हिंदी ‘बिग बॉस’ के इतिहास के टॉप-3 सबसे लंबे सीजन्स, उनके दिनों की गिनती और उनके पीछे की दिलचस्प वजहें.
हिंदी ‘बिग बॉस’ के इतिहास में सबसे ज्यादा दिनों तक चलने का रिकॉर्ड अभिनेत्री रुबीना दिलैक की जीत वाले ‘बिग बॉस 14’ के नाम दर्ज है. 3 अक्टूबर 2020 से 21 फरवरी 2021 तक चला यह सीजन पूरे 142 दिन यानी 20 हफ्ते तक ऑन-एयर रहा था. दिलचस्प बात ये है कि यह सीजन रिकॉर्डतोड़ टीआरपी की वजह से नहीं, बल्कि शुरुआती सुस्ती को दूर करने के लिए लंबा खिंचा था.
142 दिनों का सबसे लंबा सीजन बना
शुरुआत में जब नए कंटेस्टेंट्स खेल में रंग नहीं जमा पाए, तो मेकर्स ने शो में जान फूंकने के लिए पहले 18 दिनों तक तीन एक्स कंटेस्टेंट्स सिद्धार्थ शुक्ला, हिना खान और गौहर खान को ‘तूफानी सीनियर्स’ बनाकर घर में भेजा. जब उनके जाने के बाद फिर रफ्तार धीमी पड़ी, तो दिसंबर में राखी सावंत, विकास गुप्ता, अर्शी खान, राहुल महाजन, कश्मीरा शाह और मनु पंजाबी जैसे पुराने ‘चैलेंजर्स’ की एंट्री कराई गई. राखी सावंत के एंटरटेनमेंट, रुबीना-अभिनव की निजी जिंदगी के खुलासों और अली गोनी की गेम प्लानिंग ने शो को ऐसा पटरी पर लौटाया कि यह 142 दिनों का सबसे लंबा सीजन बन गया.
टीआरपी के दम पर इस सीजन को मिला एक्सटेंशन
सबसे लंबे सीजन्स की लिस्ट में दूसरे नंबर पर दिवंगत अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला का ब्लॉकबस्टर सीजन ‘बिग बॉस 13’ (2019-20) है, जो 29 सितंबर 2019 से 15 फरवरी 2020 तक पूरे 141 दिन (20 हफ्ते) चला. पिछले सीजन (BB 12) के फ्लॉप होने के बाद मेकर्स ने इसमें सिर्फ सेलेब्रिटीज को उतारा और शुरुआत में ‘4 हफ्ते में पहला फिनाले’ जैसा अनोखा प्रयोग किया. लेकिन सिद्धार्थ शुक्ला और आसिम रियाज की जबरदस्त टकराहट, सिद्धार्थ-शहनाज गिल की आइकॉनिक केमिस्ट्री और रश्मि देसाई संग तीखे झगड़ों ने टीआरपी के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. आलम ये था कि शो की दीवानगी को देखते हुए मेकर्स ने इसे सीधे 5 हफ्ते का एक्सटेंशन दिया, जिससे 105 दिनों का यह शो 141 दिनों तक चला और फ्रेंचाइजी का सबसे सफल सीजन साबित हुआ.
पब्लिक डिमांड पर 4 हफ्ते आगे बढ़ा ये सीजन
लिस्ट में तीसरे स्थान पर रैपर एमसी स्टेन, शिव ठाकरे और प्रियंका चाहर चौधरी वाला ‘बिग बॉस 16’ (2022-23) है. 1 अक्टूबर 2022 से 12 फरवरी 2023 तक चला यह सीजन 134 दिन यानी 19 हफ्ते तक चला था. इस सीजन की सबसे बड़ी खासियत थी इसकी थीम- ‘इस बार बिग बॉस खुद खेलेंगे’. पहली बार बिग बॉस कंटेस्टेंट्स के साथ खुलकर मस्ती और तंज कसते दिखे. वहीं प्रियंका की निडर आवाज, शिव ठाकरे की रणनीति, अर्चना गौतम के तीखे वन-लाइनर्स, अब्दु रोजिक की मासूमियत और एमसी स्टेन की तगड़ी फैन फॉलोइंग ने शो को लगातार टॉप-5 टीआरपी चार्ट में बनाए रखा. दर्शकों की भारी मांग के चलते मेकर्स ने इसे 4 हफ्ते का एक्सटेंशन दिया था.


