बिवांर (हमीरपुर)। विकासखंड मुस्करा क्षेत्र के न्यूरिया गांव के ग्रामीण ने गांव की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि ग्राम पंचायत सचिव ने शिकायतकर्ता को फोन कर कथित तौर पर धमकी दी है। मामले से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
गांव के कन्हैया प्रजापति ने गांव के रास्ते में जलभराव और दलदल की समस्या को लेकर आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि समस्या का समाधान किए बिना ही ग्राम पंचायत सचिव रामू ने उससे शिकायत के निस्तारण के लिए ओटीपी मांगा। युवक ने बिना समस्या का समाधान हुए ओटीपी देने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि इस पर सचिव ने कथित तौर पर फोन पर शिकायतकर्ता से अभद्रता की। कहा कि शिकायत करने के बावजूद वह लंबे समय तक गांव में काम नहीं कराएगा और जो करना है कर ले। बातचीत का कथित ऑडियो रिकॉर्ड कर शिकायतकर्ता ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जिसके बाद यह मामला चर्चा में है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराकर दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
