Jagdeep Dhankhar Health Update: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ एम्स में भर्ती हैं। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। एक दिन पहले टहलने के दौरान अचानक ही धनखड़ बेहोश हो गए थे।

जगदीप धनखड़ एम्स में भर्ती
सूत्रों ने बताया कि सुबह की सैर के दौरान गिरने और कुछ मिनट तक बेहोश रहने के बाद जगदीप धनखड़ के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें पीसीआर के वाहन से घर ले गये। इसके बाद आईएलबीएस की एक मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ की जांच की और उन्हें मेडिकल सहायता दी।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुए थे बेहोश
हालांकि स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए धनखड़ को एंबुलेंस से तत्काल एम्स ले जाया गया। सूत्रों ने बताया कि 75-वर्षीय जगदीप धनखड़ को अस्पताल के ‘कार्डियो-न्यूरो सेंटर’ में भर्ती कराया गया है। फिलहाल हृदय रोग विभाग के चिकित्सक उनकी जांच और इलाज कर रहे हैं। जगदीप धनखड़ को मार्च 2025 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी। जून, 2025 में नैनीताल के आधिकारिक दौरे के दौरान, कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में धनखड़ बेहोश होकर गिर पड़े थे।
धनखड़ की हुई थी एंजियोप्लास्टी
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की कुछ महीने पहले ही एक निजी अस्पताल में ‘एंजियोप्लास्टी’ हुई थी। सूत्रों ने बताया कि हृदय की जांच के बाद डॉक्टरों ने धनखड़ को एंजियोप्लास्टी की सलाह दी जो बाद में कर दी गई। सूत्रों ने बताया कि यह प्रक्रिया पहले से तय ह्रदय जांच का हिस्सा थी। उस समय पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अस्पताल में धनखड़ से मुलाकात की थी और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। गहलोत ने बताया कि धनखड़ का इलाज अमेरिका से आए जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. समीन शर्मा की देखरेख में हुआ।

