संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ(पटना)। रातभर मां-बाप की नजरें दरवाजे पर टिकी रहीं। उन्हें उम्मीद थी कि दुर्गापूजा घूमने गया बेटा दोस्तों के साथ घर लौट आएगा। लेकिन सुबह जब परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया, तो दूसरी तरफ से मिली खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। उन्हें बताया गया कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा। यह सुनते ही मां शोभा देवी बेसुध होकर गिर पड़ीं।
घर के इकलौते बेटे अमरजीत की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विकलांग पिता विजय पासवान बार-बार यही कहते रहे कि अब उनके परिवार का सहारा कौन बनेगा।
अटल पथ पर हादसे ने छीन ली दो दोस्तों की जिंदगी
दुर्गापूजा की सप्तमी की रात पटना के अटल पथ पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से अमरजीत और उसके दोस्त अंकेश की मौत हो गई थी।
हादसे में चार अन्य युवक भी घायल हो गए थे। दोनों की मौत की खबर रामकृष्णा नगर के सैदानीचक डोमनचक गांव पहुंची, तो परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
जिस गांव में दुर्गापूजा की खुशियां थीं, वहां मातम पसर गया। घर से हंसी-खुशी निकले बच्चों के वापस नहीं लौटने की खबर ने ग्रामीणों को भी गहरे सदमे में डाल दिया।
तीन बहनों का इकलौता भाई था अमरजीत
अमरजीत कक्षा आठ का छात्र था। वह अपने घर के सामने रहने वाले दोस्त अंकेश और चार अन्य दोस्तों दीपक, प्रिंस, रणवीर व मोहित के साथ दुर्गापूजा घूमने निकला था।
परिवार को जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी विदाई साबित होगी। अमरजीत की बहन ने बताया कि वे तीन बहनें हैं और अमरजीत उनका इकलौता भाई था।
पिता विजय पासवान विकलांग हैं और परिवार की सारी उम्मीदें अमरजीत से जुड़ी थीं। भाई की मौत की खबर सुनकर बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुबह फोन किया तो सिपाही ने दी मौत की सूचना
परिजनों के मुताबिक, रातभर अमरजीत के घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग परेशान थे। सुबह उसके मोबाइल पर फोन किया गया, तो किसी सिपाही ने कॉल उठाई।
उन्होंने बताया कि अमरजीत की मौत हो चुकी है और हादसे में एक अन्य युवक की भी जान गई है, जबकि चार लोग घायल हैं। यह सुनते ही घर में कोहराम मच गया।
मां शोभा देवी बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद गांव के लोग यातायात थाना पहुंचे, जहां उन्हें अमरजीत के दोस्त अंकेश की मौत की भी जानकारी मिली।
अंकेश की मौत से परिवार में पसरा मातम
हादसे में जान गंवाने वाला अंकेश दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दोनों दोस्त साथ में दुर्गापूजा घूमने निकले थे, लेकिन उनकी मौत ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गांव में हर तरफ गम का माहौल है। जिन घरों में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब अपनों को खोने का दर्द पसरा है।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से चार युवक घायल
हादसे में घायल युवकों के परिजनों ने बताया कि उनके परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं। घायलों में दो का इलाज निजी अस्पताल में और दो का पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में चल रहा है।
इलाज के खर्च को लेकर भी परिजन चिंतित हैं। घायल प्रिंस के पिता के अनुसार, प्रिंस ने बताया कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक आई और एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारते हुए पलट गई। इसकी चपेट में सभी युवक आ गए।
एक हादसे ने उजाड़ दिए दो परिवार
अटल पथ पर हुआ यह हादसा दो परिवारों के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया। अमरजीत तीन बहनों का इकलौता भाई था, जबकि अंकेश अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था।
दोनों की असमय मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। दुर्गापूजा के दौरान हुई इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
