Home Hollywoodहॉलीवुड सीरीज देखकर मिला मर्डर का आइडिया, पत्नी की हत्या कर नेपाल भागने की थी तैयारी, लेकिन एक गलती पड़ गई भारी

हॉलीवुड सीरीज देखकर मिला मर्डर का आइडिया, पत्नी की हत्या कर नेपाल भागने की थी तैयारी, लेकिन एक गलती पड़ गई भारी

by BollywoodNewsAndMovie


दिल्ली के शाहदरा इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मर्डर केस सामने आया है. यहां एक शख्स ने कथित तौर पर हॉलीवुड की क्राइम वेब सीरीज देखकर अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रची. आरोपी को लगा कि अगर वह हत्या में इस्तेमाल हथियार गायब कर देगा तो पुलिस कभी उस तक नहीं पहुंच पाएगी. लेकिन CCTV फुटेज और तकनीकी निगरानी ने उसके पूरे प्लान पर पानी फेर दिया.

पुलिस ने 53 वर्षीय कमल सिंह को उत्तर प्रदेश के मथुरा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है. उस पर अपनी 50 वर्षीय पत्नी कोमल सिंह की हत्या कर लाखों रुपये नकद लेकर फरार होने का आरोप है.

बेटे ने घर लौटकर देखा खौफनाक मंजर

यह मामला 30 जुलाई की रात सामने आया. दंपति का बेटा जब शाहदरा के गगन विहार स्थित घर लौटा तो उसने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा देखा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

घर की तलाशी के दौरान पुलिस को एक बैग से खून से सनी कैंची मिली, जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार माना जा रहा है.

CCTV फुटेज ने खोल दी पूरी कहानी

जांच के दौरान सबसे अहम सुराग CCTV कैमरों से मिला. फुटेज में दिखा कि सुबह दोनों बच्चों के घर से निकलने के बाद घर में केवल कमल सिंह और उसकी पत्नी मौजूद थे.

कुछ देर बाद महिला की चीखें सुनाई देती हैं और फिर आरोपी एक बैग लेकर घर से बाहर निकलता दिखाई देता है. पुलिस का मानना है कि उसी बैग में हत्या में इस्तेमाल की गई कैंची छिपाई गई थी.

नेपाल भागने की थी तैयारी

हत्या के बाद आरोपी ने अपने बैंक खातों से करीब 7 लाख रुपये निकाले और दिल्ली छोड़ दी. पुलिस के अनुसार वह पहले गोरखपुर की ओर गया और वहां से नेपाल भागने की योजना बना रहा था. बाद में उसने अचानक अपना रास्ता बदलकर मथुरा की ओर रुख किया, ताकि जांच एजेंसियों को भ्रमित किया जा सके.

हालांकि पुलिस की तकनीकी निगरानी लगातार उसका पीछा कर रही थी. आखिरकार मथुरा रेलवे स्टेशन के पास उसे गिरफ्तार कर लिया गया. उसके पास से 12.75 लाख रुपये नकद और फरारी में इस्तेमाल किया गया एक स्कूटर भी बरामद किया गया.

प्रॉपर्टी विवाद बना हत्या की वजह

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि परिवार की संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. पुलिस के मुताबिक उसने हत्या की योजना पहले से बना रखी थी और वारदात से कुछ दिन पहले ही कैंची खरीद ली थी.

‘The Staircase’ देखकर मिला आइडिया

पूछताछ के दौरान कमल सिंह ने दावा किया कि वह हॉलीवुड की चर्चित क्राइम मिनी सीरीज ‘The Staircase’ से प्रभावित हुआ था. उसे लगा कि अगर हत्या के बाद हथियार को ठिकाने लगा दिया जाए तो पुलिस के लिए केस सुलझाना मुश्किल हो जाएगा.

लेकिन उसका यह अंदाजा गलत साबित हुआ. वैज्ञानिक साक्ष्यों, CCTV फुटेज और तकनीकी सर्विलांस ने हत्या से लेकर फरारी तक की पूरी कहानी सामने ला दी और आरोपी कानून के शिकंजे में आ गया. पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी से आगे भी पूछताछ जारी है.



Source link

You may also like

Leave a Comment