{“_id”:”6b009a12cb92c75b04064be8″,”slug”:”minimum-temperature-rose-by-13-degrees-in-24-hours-morning-fog-slowed-down-movement-mirzapur-news-c-192-1-svns1034-165322-2026-11-21″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Mirzapur News: 24 घंटे में 1.3 डिग्री बढ़ा न्यूनतम तापमान, सुबह कोहरे ने रोकी रफ्तार”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

शेरवा क्षेत्र में छाया कोहरा।- संवाद।
मिर्जापुर। जिले में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। शुक्रवार की सुबह घने कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी। कहीं देर रात तो कहीं सुबह पांच बजे के बाद कोहरा छाने से दृश्यता घटकर 30 से 40 मीटर रह गई।
हालांकि, करीब आधे घंटे बाद कोहरा छंटने से राहत मिली, लेकिन दिनभर धुंध बनी रही। न्यूनतम तापमान में 24 घंटे के भीतर 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के बावजूद सुबह और शाम ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। लोग गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.5 और न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस था। शेरवां और जमुई क्षेत्र में भी सुबह कोहरे और बादलों के कारण ठंड का असर दिखा। स्कूल जाने वाले बच्चे स्वेटर, जैकेट और मफलर पहने नजर आए।
बीएचयू के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल अधिकारी प्रो. एमके श्रीवास्तव और मौसम वैज्ञानिक शिव मंगल सिंह के अनुसार, 21 से 24 नवंबर तक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
सुबह और शाम कुहासा छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 13 से 17 और अधिकतम 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। संवाद
