इसकी वजह बना है ‘बिग बॉस 20’ का हालिया एपिसोड, जहां तीखी बहस के दौरान एक्ट्रेस माही विज ने कंटेस्टेंट लव गिल की तुलना सीधे प्रियंका जग्गा से कर दी. मजेदार बात यह रही कि शो के कई नए खिलाड़ियों को तो यह तक नहीं पता था कि प्रियंका जग्गा आखिर हैं कौन. आइए जानते हैं कौन हैं प्रियंका जग्गा और 10 साल पहले सलमान खान ने उन्हें शो से बाहर निकालते हुए क्या कसम खाई थी.
10 साल बाद अचानक क्यों ट्रेंड करने लगीं प्रियंका जग्गा?
बिग बॉस 20 के हाल ही के एपिसोड में नॉमिनेशन और केज पनिशमेंट टास्क के दौरान माही विज और लव गिल के बीच तीखी बहस छिड़ गई. गुस्से में माही ने लव की लैंग्वेज और बेहेवियर पर सवाल उठाते हुए उनकी तुलना ‘बिग बॉस 10’ की कंट्रोवर्शियल कंटेस्टेंट रहीं प्रियंका जग्गा से कर दी. माही ने तंज कसते हुए कहा,
“जब तुम बोलो तो अपनी जुबान पर लगाम रखो… याद है जब प्रियंका आई थी? तुम्हारी शक्ल भी उससे मिलती है. तुम सिर से पांव तक सबसे खराब हो. उसको शो से निकाल दिया था, तेरे को भी निकालना चाहिए.”
माही की यह बात सुनकर लव गिल, कनिका मान और गुल्लू हैरान रह गए, क्योंकि उन्हें प्रियंका जग्गा के बारे में कुछ पता ही नहीं था. इस पर कनिका ने हैरानी जताते हुए लव और गुल्लू के सामने यह तक कह दिया कि आखिर प्रियंका जग्गा ने ऐसा क्या किया है कि उससे लव की तुलना की जा रही है और उसका नाम इतना उछाला जा रहा है.
तब आम्रपाली दुबे ने बाकी घरवालों को 2016 का वो चर्चित किस्सा याद दिलाया, जब खुद सलमान खान ने प्रियंका को शो से बाहर का रास्ता दिखाया था. उधर, शो में अपना नाम उछलने पर प्रियंका जग्गा ने भी रिएक्ट किया. उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक फैन-मेड रील शेयर की, जिसमें कहा गया था कि प्रियंका का अपना एक दमदार गेम था और लव गिल से उनकी तुलना बिल्कुल नहीं की जानी चाहिए.
कौन हैं प्रियंका जग्गा और कैसे हुई थी ‘बिग बॉस’ में एंट्री?
साल 2016 में प्रसारित हुआ ‘बिग बॉस 10’ अपने अनोखे कॉन्सेप्ट की वजह से काफी चर्चा में रहा था, क्योंकि यह शो के इतिहास का पहला ‘स्टार्स बनाम कॉमनर्स’ (सेलेब्स बनाम आम आदमी) सीजन था. इसी शो में दिल्ली की रहने वाली प्रियंका जग्गा मुइस ने ‘इंडियावाले’ टीम की तरफ से बतौर कॉमनर एंट्री ली थी. शो में आने से पहले वह मार्केटिंग और रिक्रूटमेंट सेक्टर में काम करती थीं. निजी जिंदगी की बात करें तो प्रियंका ने कनाडा के रहने वाले टिमोथी रिचर्ड मुइस से शादी की है और उनके दो बेटे (जर्मेन और अलेक्जेंडर) हैं.
घर के अंदर कदम रखते ही प्रियंका अपने तेज-तर्रार और झगड़ालू अंदाज की वजह से सुर्खियों में आ गई थीं. शुरुआती हफ्तों में शो से बाहर होने के बाद मेकर्स ने उन्हें ‘सीक्रेट रूम’ के जरिए दोबारा घर में भेजा, जिसके बाद उनका रवैया और भी ज्यादा वायलेंट हो गया.
शो में बने रहने और फुटेज पाने के चक्कर में प्रियंका ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दी थीं. उन्होंने को-कंटेस्टेंट्स लोपामुद्रा राउत, बानी जे और मोनालिसा के कपड़ों व निजी जिंदगी पर बेहद भद्दे और आपत्तिजनक कमेंट्स किए. हद तो तब हो गई, जब उन्होंने कंटेस्टेंट मनु पंजाबी की दिवंगत मां को लेकर भी बेहद इंसेन्सिटिव कमेंट किया था, जिसके बाद पूरे घर का माहौल बिगड़ गया था और खुद सलमान खान को दखल देना पड़ा था.
ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20: Yung DSA और ScoutOP के बीच छिड़ी जुबानी जंग, ये 6 कंटेस्टेंट्स हुए नॉमिनेट
लीव माय होम- सलमान खान ने जब खुद दिखाया था बाहर का रास्ता
दिसंबर 2016 के ‘वीकेंड का वार’ में प्रियंका जग्गा ने सलमान के सामने कहा कि उन्हें इस शो का पार्ट बनना ही नहीं था, बार-बार उन्हें शो में क्यों बुलाया जा रहा है. इसके बाद होस्ट सलमान खान ने प्रियंका की जमकर क्लास लगाई और घरवालों के सामने उनकी हरकतों के क्लिप्स दिखाए. इतना ही नहीं, जग्गा ने यह तक कहा था कि-
औकात की बात मत करो, इस शो से बड़ी औकात है मेरी
अपनी गलती मानने के बजाय प्रियंका उल्टा सलमान से ही बदतमीजी करने लगीं और बहस पर उतर आईं. यह देख सलमान का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उन्होंने शो के इतिहास में पहली बार किसी कंटेस्टेंट को सीधे घर से बाहर निकलने का फरमान सुनाते हुए कहा-
यह सब देखने के बाद इतना तो पता चल गया की शो से बढ़कर है आपकी औकात, अब यह शो आपके लायक है ही नहीं, प्लीज लिव माय होम “(कृपया मेरे घर से बाहर निकल जाइए).”
सलमान का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ. उन्होंने कलर्स चैनल को भी सख्त चेतावनी दे डाली कि अगर भविष्य में प्रियंका इस शो या चैनल एंडमोल के किसी भी दूसरे शो में नजर आईं, तो वह खुद कलर्स के साथ काम करना छोड़ कर देंगे.
शो से निकलने के बाद क्या बोली थीं प्रियंका और अब कहां हैं?
शो से बाहर निकलने के बाद भी प्रियंका जग्गा के तेवर कम नहीं हुए थे. एक इंटरव्यू में अपनी सफाई देते हुए उन्होंने कहा था कि उनकी तबीयत खराब थी और वह खुद ही शो छोड़ना चाहती थीं. प्रियंका ने मेकर्स पर बायस्ड होने का आरोप लगाते हुए कहा था कि लोपामुद्रा की गालियों को एडिट कर छिपा दिया गया और जानबूझकर सिर्फ उन्हें ही विलेन बनाकर दिखाया गया.
अपने बेबाक और अड़ियल अंदाज में प्रियंका ने साफ कहा था,
“बाकी कंटेस्टेंट्स भले ही सलमान खान से डरते हों, लेकिन मैं किसी के सामने झुकने वालों में से नहीं हूं. मुझे खुद ही इस घर से बाहर जाना था.”
हालांकि, सलमान खान की नाराजगी मोल लेना प्रियंका को भारी पड़ा और इसके बाद वह दोबारा कभी किसी बड़े टीवी शो में नजर नहीं आईं. आज वह ग्लैमर और छोटे पर्दे की चकाचौंध से दूर अपनी निजी जिंदगी में व्यस्त हैं, हालांकि सोशल मीडिया पर वह अब भी काफी एक्टिव रहती हैं.
10 साल बाद ‘बिग बॉस 20’ में छिड़ी एक बहस ने यह साफ कर दिया है कि आज भी जब इस शो में ‘सबसे विवादित कंटेस्टेंट’ की बात होती है, तो सबसे पहला नाम प्रियंका जग्गा का ही याद आता है.
ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20: अंडरगारमेंट्स तक धोए हैं, गुल्लू के सामने स्काउट ओपी ने पार कीं सारी हदें, बोले- लव घूरते रहती…
